संचालन समिति पुनर्गठन, नंदीशाला स्थापना और पौधारोपण पर विशेष जोर
सिरोही, 27 मई। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में बुधवार को अर्बुदा गौशाला एवं डेयरी फार्म, सिरोही में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में गौशाला के विकास, व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
गौशाला संचालक रघुनाथ सिंह ने अर्बुदा गौशाला एवं डेयरी फार्म की गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जिला कलेक्टर ने संचालन समिति में आवश्यक बदलाव एवं कार्यकारी सदस्यों के पुनर्गठन के साथ सुव्यवस्थित स्ट्रक्चर तैयार करने हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने गौशाला में दान एवं सहयोग बढ़ाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने, ऑडिट करवाने तथा पंचायत समिति स्तर पर नंदीशाला खोलने के लिए संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग को निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश प्रदान किए। जिला कलेक्टर ने तहसीलदार को त्रैमासिक बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि गौशाला में धन संग्रह के लिए गौपालकों को प्रेरित किया जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान गौशाला से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यक कार्यों से जिला कलेक्टर को अवगत कराया गया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में गौशाला संचालक एवं संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग ने सभी समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौपूजन कर गौवंश की देखभाल, चारा-पानी एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। बैठक में गोविंद वल्लभदास, एसडीएम हरिसिंह देवल, तहसीलदार जगदीश विश्नोई, बीडीओ मंछाराम, डॉ. मुकेश चौधरी, रघुनाथ सिंह राजपुरोहित, धनराज चौधरी, रघु भाई माली, नरेंद्र सिंह, भूराराम पुरोहित, ब्रह्मदत्त पुरोहित नाररवाड़ा, कमलेश माली, प्रवीण माली, किशन जनापुर, प्रमोद जानी, रमेश सिंह, अशोक पुरोहित आदर्श सहित अन्य मौजूद रहे।









