विवेकानंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
सिरोही। केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सिरोही की ओर से विवेकानंद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (सर के.एम.) में स्वच्छता ही सेवा और सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को स्वच्छता, ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी गणपत सिंह देवड़ा ने बताया कि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी से जीवन में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा अपनाने की अपील की। वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता भीक सिंह भाटी ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने घर और आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गेहलोत ने कहा कि घरों और कार्यालयों की अनुपयोगी एवं कबाड़ वस्तुओं का पर्यावरण के अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम सतर्कता, समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। विजेता प्रतिभागियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपप्राचार्य प्रमिला सिंदल, वरिष्ठ अध्यापक कालूराम, अजयपाल सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।












