Hot News

विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान को लेकर बैठक आयोजित

Share News!

सिरोही (मनोज माली )। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही के अध्यक्ष अजय शर्मा (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के निर्देशन में विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा, पोषण संबंधी जागरूकता, मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व तथा आमजन को सरकार की ओर से संचालित खाद्य एवं कल्याणकारी योजनाओं तक सुगम पहुंच के संबंध में जागरूक करना है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरोही की सचिव श्रीमती सावित्री आनंद निर्भीक द्वारा संबंधित हितधारकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में फूड सेफ्टी ऑफिसर धर्मवीर, शांतिलाल माली, अध्यक्ष, सिरोही होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन, प्रकाश माली, अध्यक्ष, स्ट्रीट फूड वेंडर्स, गोयली चौराहा सहित जिले के स्ट्रीट फूड वेंडर्स, रेस्टोरेंट एवं होटल संचालक तथा किराना स्टोर संचालकों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए प्रेरित करना रहा।
बैठक में सचिव ने उपस्थितजनों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना करने, उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा पोषणयुक्त आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मोटे अनाज जैसे बाजरा, ज्वार, रागी आदि को दैनिक आहार में शामिल करने तथा इनके पोषण संबंधी लाभों के प्रति आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया। उपस्थित खाद्य व्यवसायियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी उपभोक्ता को एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध नहीं करवाए जाएं तथा खाद्य सामग्री निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं ताजगी का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने स्ट्रीट फूड वेंडर्स, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों तथा किराना व्यापारियों से आमजन को स्वच्छ, ताजा, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध करवाने का आह्वान किया।
खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने की दी जानकारी
बैठक में फूड सेफ्टी ऑफिसर धर्मवीर की ओर से खाद्य पदार्थों की सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि एक ही खाद्य तेल का बार-बार उपयोग नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि बार-बार गर्म करने से तेल में हानिकारक रासायनिक तत्व उत्पन्न हो सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक होते हैं तथा हृदय संबंधी बीमारियों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकते हैं। उन्होंने खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं ढककर रखने, साफ पानी का उपयोग करने तथा कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की आवश्यकता बताई।

व्यक्तिगत स्वच्छता एवं खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण पर जोर

एफएसओ द्वारा खाद्य कारोबारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, पैकिंग एवं लेबल की जांच तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्होंने सभी उपस्थित व्यवसायियों से खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करते हुए उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। बैठक में आगामी जागरूकता अभियान के दौरान विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित किए जाने तथा खाद्य सुरक्षा एवं पोषण के संदेश को आमजन तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

Kamlesh Purohit
Kamlesh Purohit
Articles: 439

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

क्रिकेट के 73 नियम बदले