
वन्यजीवों के हलक तर करने पहुंचा एक लाख लीटर पानी
26 टैंकरों के माध्यम से पहल ग्रुप का सराहनीय कार्य
सिरोही। शहर में मानवता और प्रकृति प्रेम की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली है। भीषण गर्मी के बीच वन्यजीवों की प्यास बुझाने के लिए पहल ग्रुप सिरोही ने एक बार फिर सराहनीय कदम उठाया है। हर साल की तरह इस वर्ष भी ग्रुप के सदस्यों ने वाडा खेड़ा जोड़ क्षेत्र में स्थित नाड़ी में पानी की व्यवस्था कर वन्यजीवों को बड़ी राहत दी है।
पहल ग्रुप के सदस्यों की ओर से एक साथ 26 पानी के टैंकरों के माध्यम से लगभग एक लाख लीटर पानी वाडा खेड़ा की नाड़ी में डाला गया। गर्मी के मौसम में जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में पानी के स्रोत सूखने लगते हैं, ऐसे में यह प्रयास वन्यजीवों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रहा है।
केवल पानी की ही व्यवस्था नहीं की गई, बल्कि वन्यजीवों के भोजन का भी ध्यान रखा गया। ग्रुप की ओर से ककड़ी, गाजर और आलू जैसी खाद्य सामग्री भी वहां रखवाई गई, ताकि गर्मी के दिनों में पानी के साथ-साथ वन्यजीवों को भोजन भी मिल सके।
ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आज से अगले करीब तीन महीनों तक प्रतिदिन एक पानी का टैंकर इस नाड़ी में डलवाया जाएगा, जिससे भीषण गर्मी के दौरान वन्यजीवों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
सालभर समाजसेवा में सक्रिय रहता है पहल ग्रुप
पहल ग्रुप केवल गर्मियों में पानी की व्यवस्था तक ही सीमित नहीं है। यह समूह पूरे साल विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है। ग्रुप की ओर से शहर में जरूरतमंद लोगों, पशुओं और वन्यजीवों की सहायता के लिए समय-समय पर कई पहल की जाती हैं।
शहर में जगह-जगह लगाए गए पानी के कैंपर
गर्मी के मौसम में आमजन को राहत देने के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए पानी के कैंपर भी इसी ग्रुप की पहल का परिणाम हैं। इन कैंपरों से राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को पीने का ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
पहल ग्रुप का संचालन सहायक उप निरीक्षक सचेंद्र रतनू के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस समूह में करीब 95 सदस्य जुड़े हुए हैं। सभी सदस्य हर महीने स्वेच्छा से अंशदान एकत्रित करते हैं और इसी राशि से सामाजिक व सेवा कार्यों को अंजाम दिया जाता है। यह राशि वन्यजीवों, गायों और जरूरतमंद असहाय लोगों की मदद में खर्च की जाती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्य रहे मौजूद
वन्यजीवों के लिए पानी की व्यवस्था के इस कार्यक्रम में ग्रुप के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान सचेंद्र रतनू, भेरूपाल सिंह (अधिवक्ता), हेमंत पुरोहित, हरदयाल सिंह, शैतान खरोर, गणपत लाल, अमजद खान, सज्जन सिंह, एम.पी. सिंह, करण सिंह, अशोक माली, हनुमान प्रजापत, दिग्विजय सिंह, तख्तसिंह पुरोहित, भरत माली, विनोद मालवीय, मुकेश खंडेलवाल, कमलेश सोनी, महादेव, प्रदीप वैष्णव, मंछाराम, किशन माली, भंवर माली, लालचंद खंडेलवाल, राहुल माली, अशोक माली, भैराराम और मांगीलाल रावल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
पहल ग्रुप का यह प्रयास न केवल वन्यजीवों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि समाज के सामने सेवा, संवेदना और प्रकृति संरक्षण का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है। ऐसे कार्य यह संदेश देते हैं कि यदि समाज के लोग मिलकर पहल करें, तो पर्यावरण और जीव-जंतुओं की रक्षा के लिए बड़े बदलाव संभव हैं।













