Hot News

विकास कार्यों की जमीनी पड़ताल, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Share News!

विभिन्न सुधारात्मक उपायों और आवश्यक कार्यवाहियों के दिए निर्देश

सिरोही। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बुधवार को सिरोही शहर एवं आसपास के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, जल प्रबंधन तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े विषयों की समीक्षा की।  जिला कलेक्टर ने सरस डेयरी के चिलिंग प्लांट, गोयली स्थित गौण मंडी फल-सब्जी मंडी यार्ड, एसटीपी प्लांट, निडोरा तालाब, टाउन हॉल, सरजावाव गेट, अनुसूचित जनजाति छात्रावास एवं विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्यों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सरस डेयरी के चिलिंग प्लांट के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा राज्य सरकार की बजट घोषणा से संबंधित भूमि कार्यों की त्वरित क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रयोगशाला में की जाने वाली जांचों, प्लांट की स्टोरेज व्यवस्था, विभिन्न संयंत्रों, समितियों से आने वाले दूध तथा रानीवाड़ा दूध भेजने की प्रक्रिया का गहनता से अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके बाद जिला कलेक्टर ने ग्राम गोयली में गौण मंडी फल-सब्जी यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं अपेक्षित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही चिन्हित दुकानों, फुटकर दुकानों, थोक दुकानों एवं प्राप्त आपत्तियों के संबंध में भी जानकारी ली। जिला कलेक्टर ने निडोरा तालाब में अमृत 2.0 योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने टाउन हॉल का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्यों तथा विभिन्न तकनीकी विषयों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर के सौंदर्यीकरण पर चर्चा करते हुए जिला कलेक्टर ने ड्रेनेज सिस्टम में सुधार करने, विभिन्न स्थानों पर हुए अतिक्रमण हटाने तथा हवाई पट्टी के बाहर सड़कों के किनारे पौधारोपण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने गोयली चौराहा, अनादरा चौराहा, तीन बत्ती चौराहा एवं भाटकड़ा चौराहा के विकास के लिए विस्तृत प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने भाटकड़ा से अनादरा चौराहे तक पैचवर्क कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से करवाने के निर्देश दिए। वहीं सरजावाव से झालरा बावड़ी तक सड़क निर्माण कार्य को त्वरित गति से पूर्ण करने की बात कही। जिला कलेक्टर ने निर्माणाधीन राजकीय अंबेडकर अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास का भी निरीक्षण किया तथा कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। एसटीपी प्लांट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पानी वितरण व्यवस्था, ड्यू कनेक्शन से संबंधित कार्यों तथा पानी की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी हरिसिंह देवल, आयुक्त जोधाराम विश्नोई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kamlesh Purohit
Kamlesh Purohit
Articles: 432

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

क्रिकेट के 73 नियम बदले