Hot News

स्वर्ण जयंती महोत्सव का समापन, आस्था और उत्साह से सराबोर रहा वातावरण

Share News!

भागीरथेश्वर महादेव मंदिर के 50 वर्ष पूर्ण होने पर चार दिवसीय आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
सिरोही। स्थानीय सगरवंशी माली समाज के आराध्य देव भागीरथेश्वर महादेव मंदिर की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित चार दिवसीय स्वर्ण जयंती महामहोत्सव का भव्य और श्रद्धा से ओतप्रोत समापन हुआ। इस अवसर पर कलश यात्रा, विशाल शोभायात्रा, लघुरुद्राभिषेक, भजन संध्या तथा वरिष्ठजनों व प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समाज के पूर्व सचिव सुरेश सगरवंशी ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत मंदिर पर ध्वजारोहण और गणपति स्थापना के साथ हुई। मंदिर परिसर एवं समाज की भूमि पर आयोजित कार्यक्रम में महिला, पुरुष और बच्चों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। महिलाओं ने मांगलिक गीत गाए, वहीं डीजे की धुन पर समाजजन झूमते नजर आए। समाज के सचिव गिरीश सगरवंशी के अनुसार, महोत्सव के दौरान समाज के प्रत्येक घर पर तोरण लगाए गए तथा मेहंदी और गुड़ का वितरण किया गया। संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं मंदिर में लघुरुद्राभिषेक हवन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महोत्सव के दौरान मंदिर से आयोजन स्थल तक 208 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों महिला, पुरुष और बच्चों ने बैंड और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था और उत्साह से सराबोर हो गया।
समाज द्वारा 75 वर्ष से अधिक आयु के करीब तीन दर्जन वरिष्ठजनों का साफा, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। पंडितों द्वारा विधि-विधान से समाज भूमि का पूजन किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पीपल और बेलपत्र के पौधे लगाकर वृक्षारोपण किया गया।
रात्रि में आयोजित भजन संध्या में मनोज रिया एंड पार्टी (दिल्ली) द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियों ने देर रात तक श्रद्धालुओं को बांधे रखा। इस दौरान संत जोगपुरी महाराज, संत भास्करपुरी महाराज और सूरदास मोहन महाराज का सानिध्य भी प्राप्त हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर से शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इसमें घोड़े, ऊंटगाड़ी, बैंड, डीजे, रथ और पालकी शामिल रहे। हजारों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सांसद लुंबाराम चौधरी भी इस शोभायात्रा में शामिल हुए। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिभावान विद्यार्थियों के प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और पूर्व विधायक संयम लोढ़ा का सम्मान किया गया। समाज के टॉपर विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। काव्या विनोद सगरवंशी ने 10वीं बोर्ड में 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर समाज में प्रथम स्थान हासिल किया, जिन्हें विशेष सम्मान दिया गया। गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज प्रतिनिधियों का साफा, माला और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। सभी आगंतुकों के लिए आवास और भोजन प्रसादी की उत्तम व्यवस्था की गई। समाजजनों ने महाप्रसादी का लाभ लिया और उत्साहपूर्वक चढ़ावे भी अर्पित किए।

 

Kamlesh Purohit
Kamlesh Purohit
Articles: 432

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

क्रिकेट के 73 नियम बदले