शिवगंज। शहर के विलायती वास स्थित जैन मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात से जैन समाज और क्षेत्रवासियों में रोष फैल गया। अज्ञात चोर मंदिर के दानपात्र में रखी नकदी के साथ धातु से निर्मित कुछ मूर्तियां भी चुराकर फरार हो गए। घटना का पता सुबह उस समय चला, जब पुजारी पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर में चोरी की जानकारी सामने आते ही आसपास के लोगों में हडक़ंप मच गया। बताया जा रहा है कि चोर मंदिर में प्रवेश कर दानपात्र से नकदी ले गए। इसके अलावा उन्होंने धातु से बनी कुछ मूर्तियों को भी निशाना बनाया। धार्मिक स्थल में चोरी की घटना सामने आने के बाद जैन समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है।
रात्रिकालीन गश्त पर उठे सवाल
मंदिर में चोरी की घटना के बाद पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, इसके बावजूद रात के समय पुलिस गश्त प्रभावी नजर नहीं आ रही है। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि पुलिस की रात्रिकालीन गश्त जारी थी, तो चोर मंदिर तक कैसे पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार कैसे हो गए। इस घटना ने शहर के धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
सामान बरामद करने की मांग
क्षेत्रवासियों और जैन समाज ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा चोरी की गई नकदी और मूर्तियों को बरामद करने की मांग की है। साथ ही शहर में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और मंदिरों सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई है।












