Hot News

कांतिलाल माली को मिली मंत्रालयिक कर्मचारियों की कमान

Share News!

सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने गए जिला अध्यक्ष, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

सिरोही। पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन, जिला शाखा सिरोही की आम बैठक सोमवार को जिला परिषद सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुई। जिले के सभी ब्लॉकों से बड़ी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारियों की मौजूदगी के बीच संगठन को नया नेतृत्व मिला। सर्वसम्मति से कांतिलाल माली गोयली को संगठन का नया जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

एकमत समर्थन के साथ मिला नेतृत्व का दायित्व

बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारी रंजीत जीनगर ने कांतिलाल माली गोयली के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर समर्थन दिया। इसके बाद उन्हें विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। निर्विरोध निर्वाचन पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

“संगठन की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत” – कांतिलाल माली

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष कांतिलाल माली ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होता है। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहकर संगठन को मजबूत बनाने तथा वर्तमान में चल रहे चरणबद्ध आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

साफा-माला पहनाकर किया भव्य स्वागत

चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साफा और मालाएं पहनाकर कांतिलाल माली का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान संगठन के प्रति एकजुटता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इनकी रही विशेष उपस्थिति

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी रंजीत जीनगर, कंवरलाल रैंगर, पूर्व जिला अध्यक्ष विक्रमसिंह चांदना, निवर्तमान जिला अध्यक्ष शेषाराम चौधरी, जिला महामंत्री संदीप अग्रवाल, जिला मीडिया प्रवक्ता धीरेंद्र सिंह, सिरोही ब्लॉक अध्यक्ष गणेश परमार, रेवदर ब्लॉक अध्यक्ष अशोक कुमार, आबूरोड ब्लॉक अध्यक्ष लीलावत सिंह, पिंडवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश राजपुरोहित, शिवगंज ब्लॉक अध्यक्ष अर्जुन मीणा सहित कानाराम, शांतिलाल, हीरालाल, राजेंद्र सिंह, दिनेश राणा, अर्जुन कुमार, कल्पना अहीरवाल, सोनिया, रोजी, संतोष दवे, फारुख हुसैन, वीसाराम, जितेंद्र कुमार, महेंद्र मीणा और प्रवीण कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं महिला कार्मिक मौजूद रहे।

Shopping Cart
Scroll to Top
क्रिकेट के 73 नियम बदले