Hot News

तीन अहम स्थानों पर अंडरब्रिज निर्माण की मांग

Share News!

सिरोही में बढ़ती ट्रैफिक समस्या पर बड़ा कदम
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात
सिरोही। जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अब समाधान की दिशा में पहल तेज हो गई है। सिरोही-जालोर के सांसद लुम्बाराम चौधरी ने केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर जिले के तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर अंडरब्रिज निर्माण की मांग उठाई। सांसद चौधरी ने मंत्री गडकरी को अवगत कराया कि सिरोही जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ रहा है। इन मार्गों पर भारी वाहनों, स्थानीय यातायात और पैदल यात्रियों की एक साथ आवाजाही के कारण स्थिति लगातार जटिल होती जा रही है। उन्होंने बताया कि इन राजमार्गों पर कई ऐसे स्थान हैं जहां पर्याप्त सुरक्षा उपायों का अभाव है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में यह समस्या अधिक गंभीर रूप ले रही है। सांसद ने इस बात पर जोर दिया कि जिन स्थानों पर अंडरब्रिज की मांग की गई है, वे क्षेत्र स्कूलों, बाजारों और आवासीय इलाकों के पास स्थित हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में छात्र, महिलाएं और आमजन सडक़ पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। ऐसे में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अंडरब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक बताया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल दुर्घटनाओं में कमी लाएगा, बल्कि आमजन को भी बड़ी राहत देगा।
इन तीन स्थानों पर रखी गई अंडरब्रिज की मांग
सांसद लुम्बाराम चौधरी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष तीन प्रमुख स्थानों का प्रस्ताव रखा जिसमें
राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर साणेश्वर महादेव मंदिर रोड
जहां यह क्षेत्र धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ स्थानीय आवाजाही का भी प्रमुख मार्ग है। यहां श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के पास एचएच-62 जहां मेडिकल कॉलेज के आसपास मरीजों, स्टाफ और विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे यहां सुरक्षित पारगमन की आवश्यकता बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आबूरोड स्थित हनुमान टेकरी, यह स्थान धार्मिक और स्थानीय दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है, जहां अक्सर भीड़ रहती है और सडक़ पार करना जोखिम भरा होता है। सांसद चौधरी ने कहा कि अंडरब्रिज निर्माण से न केवल सडक़ दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि यातायात भी सुचारू होगा। इससे स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस तरह की आधारभूत संरचना का विकास क्षेत्रीय प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इससे सिरोही जिले में विकास को नई गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों का परीक्षण करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि सडक़ सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और जहां भी आवश्यक होगा, वहां उपयुक्त कदम उठाए जाएंगे।

Kamlesh Purohit
Kamlesh Purohit
Articles: 436

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

क्रिकेट के 73 नियम बदले