अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे तनाव और युद्ध (US-Iran War) की स्थिति में अचानक राहत की खबर दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में घोषणा की कि अमेरिका और ईरान के बीच पिछले दो दिनों में “बहुत अच्छी और राहत भरी बात” हुई है। इन बातचीतों के सकारात्मक माहौल को देखते हुए उन्होंने अमेरिकी रक्षा विभाग को ईरान के पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर किसी भी सैन्य हमले को 5 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्देश दिया है। यह फैसला जारी वार्ताओं की सफलता पर निर्भर करेगा।

इस खबर के बीच गिफ्ट निफ्टी (सिंगापुर में ट्रेड होने वाला निफ्टी फ्यूचर्स) में जबरदस्त तेजी देखी गई। गिफ्ट निफ्टी 23,533 तक पहुंच गया, जो पिछले स्तर से 800 अंक या 4% तक की बढ़ोतरी है। इससे पहले बाजार में चिंता थी कि ईरान पर हमले से तेल की कीमतें और बढ़ेंगी, जिससे भारतीय शेयर बाजार पर दबाव पड़ सकता था। लेकिन इस खबर ने निवेशकों में राहत की लहर दौड़ा दी है।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा?

मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले दो दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी और सकारात्मक बातचीत हुई है। हम मध्य पूर्व (Middle East) में चल रहे आपसी विवादों को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में चर्चा कर रहे हैं। इन गंभीर और रचनात्मक वार्ताओं के अच्छे रुख को देखते हुए, जो कि इस पूरे हफ्ते जारी रहेंगी मैंने युद्ध विभाग (Department of War) को निर्देश दिया है कि, ईरान के पावर प्लांट और ऊर्जा ठिकानों पर होने वाले सभी सैन्य हमलों को 5 दिनों के लिए टाल दिया जाएं। यह रोक आगे होने वाली बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए आप सभी का धन्यवाद! – राष्ट्रपति डोनल्ड जे. ट्रंप

वैश्विक स्टॉक मार्केट इंडेक्स में दिखी तेजी

  • डॉव जोन्स फ्यूचर्स: 46,503.58 (+926.11 अंक, +2.03%) चढ़ा।
  • DAX: 22,819.50 (+439.31 अंक, +1.96%) चढ़ा।
  • FTSE: 9,933.95 (+15.62 अंक, +0.16%) चढ़ा।

क्या मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में दिखेगी तेजी?

ट्रंप के इस घोषणा के बाद निवेशकों के मन मे एक अहम सवाल उठ रहा है कि क्या कल यानी मंगलवार, 24 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में तेजी आएगी? तो इसका सीधा जवाब है- हां! क्योंकि बाजार अब इस बात पर नजर रखे हुए हैं कि अगले 5 दिनों में क्या होता है। भारतीय निवेशकों के लिए यह सकारात्मक संकेत है, क्योंकि गिफ्ट निफ्टी की तेजी से सोमवार को घरेलू बाजार में मजबूत शुरुआत की उम्मीद है।

यह खबर मध्य पूर्व में शांति की उम्मीद को जगाती है। क्योंकि पिछले कई हफ्तों से हमले और होर्मुज जलडमरूमध्य की बंद होने की वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही थी। ऐसे में यदि बातचीत सफल रहीं तो युद्धविराम संभव है, अन्यथा स्थिति फिर बिगड़ सकती है। ट्रंप की यह घोषणा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह पहले अनकंडीशनल सरेंडर पर अड़े हुए थे, लेकिन अब उत्पादक बातचीत पर जोर दे रहे हैं।