बाल विवाह रोकथाम के लिए आमजन को प्रेरित करें : अल्पा चौधरी

Share News!

सिरोही। कृषि विभाग के आत्मा सभागार में मंगलवार को जिला कलक्टर अल्पा चौधरी की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बाल संरक्षण योजनाओं, अभियानों एवं समन्वयात्मक गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में बाल विवाह मुक्त सिरोही अभियान की प्रगति पर विशेष चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं सामुदायिक आयोजनों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों के संबंध में व्यापक जागरूकता फैलाई जाए। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित अमृता मेले में बाल विवाह मुक्त सिरोही विषय पर आकर्षक एवं जानकारी पूर्ण स्टॉल लगाकर आमजन को बाल संरक्षण कानूनों, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला परिवहन अधिकारी को जिले में संचालित बाल वाहिनियों (स्कूल वाहनों) की नियमित जांच करने, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्यवाही करने तथा ऐसे ऑटो रिक्शा एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए जो अवैध रूप से बाल वाहिनी के रूप में संचालित किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम को निर्देशित किया गया कि जिले के समस्त राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों की 200 मीटर परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नियमित निरीक्षण, चालान एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों को उन क्षेत्रों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले की सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों में बिजली, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की जाए। जिससे बच्चों एवं महिलाओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सके। सहायक निदेशक राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में अध्यक्ष बाल कल्याण समिति सुश्री रतन बाफना, सदस्य शशिकला मरडिया एवं प्रताप सिंह नून, पुलिस विभाग से मोहनसिंह राव, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल पुरोहित, विजय कुमार व्यास, अधीक्षक राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह भंवरसिंह, श्रम कल्याण अधिकारी हंसदीप, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग किशनाराम लोल, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग श्रीमती अंकिता राजपुरोहित, जिला परिवहन अधिकारी अक्षमिता,संरक्षण अधिकारी कन्हैयालाल, कार्डिनेटर 1098 मनोहरसिंह, काउन्सलर प्रिंससिंह, कनिष्ठ सहायक प्रकाश कुमार, आउटरिच वर्कर दिलीप धवल आदि मौजूद थे।

Shopping Cart
Scroll to Top
क्रिकेट के 73 नियम बदले