आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से देश में पहली बार एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) पर आधारित इंटरसिटी बस सेवा शुरू हो गई है। इंटरसिटी मोबिलिटी ब्रांड इंटरसिटी स्मार्टबस ने इस अनोखी सेवा को विजयवाड़ा-बेंगलुरु रूट पर लॉन्च किया है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को लंबी यात्रा के दौरान भी स्वच्छ और सुरक्षित हवा उपलब्ध कराना है।

इस सेवा का शुभारंभ विजयवाड़ा की डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) शेरीन बेगम ने किया। उन्होंने इसे इंटरसिटी ट्रांसपोर्टेशन में एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जो यात्रियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा पर फोकस करता है।

बस के अंदर हवा बाहर से भी साफ

सामान्य बसों में अंदर की हवा बाहर की हवा से 2-3 गुना ज्यादा प्रदूषित होती है, लेकिन स्मार्टबस AQI में लगाए गए एडवांस्ड एयर फिल्ट्रेशन सिस्टम ने इस समस्या को दूर किया है।

ट्रायल रन के दौरान बस के अंदर PM2.5 का स्तर लगभग 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रखा गया, जो कई बड़े शहरों की बाहरी हवा से भी बेहतर है। कंपनी के अनुसार, यात्रा के 90 प्रतिशत से ज्यादा समय हवा की गुणवत्ता अच्छी बनी रहती है।

यह सिस्टम लगातार हवा की निगरानी करता है और जरूरत पड़ने पर फिल्ट्रेशन को ऑटोमैटिकली बढ़ा देता है, जिससे यात्री प्रदूषण से सुरक्षित रहते हैं।

डिजिटल स्क्रीन और ऐप पर लाइव अपडेट

इस बस की सबसे खास बात यात्रियों को सफर के दौरान ही हवा की गुणवत्ता की जानकारी मिलना है। बस के अंदर लगी डिजिटल स्क्रीन पर रियल-टाइम AQI और PM2.5 लेवल दिखाए जाते हैं। साथ ही, इंटरसिटी मोबाइल ऐप पर भी ये डेटा उपलब्ध रहता है, ताकि यात्री अपनी सीट से ही हवा की क्वालिटी ट्रैक कर सकें।

यात्री इन बसों को इंटरसिटी ऐप या वेबसाइट पर इंटरसिटी एक्यूआई टैग चुनकर बुक कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह सेवा यात्रा को न सिर्फ आरामदायक, बल्कि सेहतमंद भी बनाएगी।