
पंजाब के वेयरहाउस डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या का मामला अब लोकसभा तक पहुँच गया है। पंजाब सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोपों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मामले में CBI जांच के साफ संकेत दिए हैं।
संसद में गूँजा मुद्दा, शाह बोले
सोमवार को कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला ने लोकसभा में रंधावा की मौत का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- “यह पंजाब राज्य का विषय है लेकिन अगर पंजाब के सभी सांसद मुझे इस मामले में लिखित अनुरोध देते हैं, तो मैं तुरंत यह केस CBI को ट्रांसफर करने के निर्देश दे दूंगा।”
पंजाब के कांग्रेस सांसदों ने अमित शाह को लिखा पत्र
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब से कांग्रेस सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर गगनदीप सिंह रंधावा के मामले में इंसाफ की मांग की है।
इस पत्र के जरिए सांसदों ने पूरे मामले की CBI जांच की ज़ोरदार मांग की है। इस चिट्ठी पर पंजाब के जाने-माने कांग्रेस सांसद जिनमें गुरजीत सिंह औजला, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, धर्मबीर गांधी और सुखजिंदर सिंह रंधावा शामिल हैं, ने साइन किए हैं। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के मैनेजर जी.एस. रंधावा की आत्महत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग उठाई। सांसदों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए CBI जांच जरूरी है।
प्रतिनिधिमंडल ने पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि केवल सीबीआई जांच ही किसी भी स्थानीय प्रभाव या दबाव से मुक्त निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने पीड़ित परिवार और आम जनता की भावनाओं को भी व्यक्त किया, जो इस मामले में न्याय और स्पष्टता की मांग कर रहे हैं।












